जीवन के पुण्य राम,

विषय : राम
विधा : रूप घनाक्षरी

जीवन के पुण्य राम,
जगत अक्षुण्य राम,
विस्तार से शून्य राम,
सृष्टि के हैं पूर्ण ज्ञान।

धर्म के हैं राम सेतु,
आते सदा पुण्य हेतु,
मर्यादा के उच्च केतु,
ऋषियों का अभिमान।

दुष्टों के लिए हैं दंड,
धर्म रखते अखंड,
पाप करें जंड-बंड,
पुण्य की बचाने शान।

राम जग के हैं प्राण,
शोषितों के पूर्ण त्राण,
भक्तों को देते निर्वाण,
करुणा के हैं निधान।

मनहरण घनाक्षरी

राम जब लौट आए,
अवध बजे बधाए,
दौड़ पुरवासी धाए,
देखने को राम को।

निकला है नव सूर्य,
जीत का बजा है तूर्य,
सजाया गया है आज,
अयोध्या सुधाम को।

बजते हैं ढोल बाजे,
गली चौक दिखें साजे,
मुख सब ताजे-ताजे,
गाते राम नाम को।

सभी दीप हैं जलाते,
दीपावली हैं मनाते,
नर – नारि हैं लजाते,
आज रति काम को।

•••>><<•••

मौलिक सृजन
संजय शर्मा
आगरा