धर्म ध्वजा रामलला के मंदिर में

धर्म ध्वजा रामलला के मंदिर में
(गीत)

रामलला के मंदिर में अब, धर्म ध्वजा फहराया है।
धर्म सनातन की परिभाषा,दुनिया को समझाया है।।

धूम मची है अवधपुरी में, हर्षित हैं सब नर-नारी।
जय-जयकार लगे हैं करने,आज खुशी में वे भारी।।
वर्षों बाद खुशी का ऐसा, अवसर सबने पाया है।
रामलला के मंदिर में अब, धर्म ध्वजा फहराया है

अवनी से अंबर तक गूॅंजा, सत्य सनातन का नारा।
देख रहा है इसकी महिमा,चकित हृदय से जग सारा।।
जो हॅंसते थे हम पर उनको,आज समझ में आया है।
रामलला के मंदिर में अब, धर्म ध्वजा फहराया है

जाग रहे हैं हिंदू सारे,जो भी थे अब-तक सोये।
शांति-अहिंसा के संवाहक,बनकर हैं काफी खोये।।
वही संगठित होकर हिंदू, अपना दम दिखलाया है।
रामलला के मंदिर में अब, धर्म ध्वजा फहराया है

जो चाहा हमने वो पाया, और अभी भी पाऍंगे।
एक सूत्र में बॅंधकर रहना,अपनो को सिखलाऍंगे।।
राम-कृष्ण की इस धरती में,सपने सुखद सजाया है।
रामलला के मंदिर में अब, धर्म ध्वजा फहराया है


रामसाय श्रीवास ‘राम’ किरारी बाराद्वार
सक्ती (छग)