राम कहे तो राह मिले (दोहे )

राम कहे तो राह मिले (दोहे )

राम नाम है जप नहीं, जीवन का आधार।
भीतर थोङा झाँकिए , मिलता सच्चा सार।।

मन मंदिर में राम हैं, बाहर भटके प्राण।
अपने भीतर खोजिए, मिल जाए भगवान॥

सुख में जिसने राम को, रखा सदा ही याद।
दुख में सच्चे ज्ञान से, रहता वह आबाद॥

माया का यह है जगत , पल-पल बदले रूप।
राम नाम ही सत्य है, जैसे सूरज-धूप॥

जीवन आया चार दिन, करना क्या अभिमान।
प्रेम बाँटकर चल दिए, यही राम का ज्ञान॥

मन में लोभ न मोह हो, वाणी में हो प्यार।
ऐसे जीवन में बसे, राम स्वयं साकार॥

दुनिया जीती क्या मिला, यदि मन में हो हार ।
थामा जिसने राम को, पाता वही निखार।

छोड़ अहं को तू मनुज , किस का है अभिमान।
मिट्टी से आया यहाँ, मिट्टी में ही स्थान॥

राम कहे तो राह मिले, राम कहे तो धीर।
अपने मन को जीत ले, वह है सच्चा वीर॥

नाम राम का दीप है, जीवन है अँधियार।
भीतर जब दीपक जले, मिटता भ्रम का सार॥

प्रभा गुप्ता