केवट प्रसंग ( गीत )

केवट प्रसंग ( गीत )
राजमहल का वैभव छोड़ा, वन के पथ पर चरण पड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।
  
हुई भेंट प्रभु से केवट की, अखियांँ हर्षित हो चमकी।
तरस रहा था प्रभु दर्शन को, पूर्ण हुई इच्छा मन की।
हर्षित मन से केवट जाकर, राघव जी के चरण पड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।

जब प्रभु कहते यह केवट से, नाव लगाओ तुम झट से।
पार हमें गंगा तट जाना, कहते प्रभु प्रेम विनय से।
केवट बोला प्रभु पधारो, किन्तु मन में शंका अड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।।

मैंने सुना अहिल्या तारी, प्रभु तुम जग पालन हारी।
चरण पखारूँगा मैं पहले, यह विनती अवध बिहारी।।
देख प्रेम यह प्रभु मुस्काते, केवट के हैं भाग्य बड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।।

गंगा से केवट जल लाया, पग धो चरणामृत पाया।
तीन लोक जिनका गुण गाए, केवट उनसे तर पाया।
धन्य हुई वह नाव केवट की,  प्रभु राम जो नाव चढ़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।।

पावन हुई नदी की धारा, गंगा को प्रभु ने तारा।
राम लखन सिय पार उतारा, साक्षी गंगा तट सारा ।
प्रभो लगे देने उतराई, लेकिन केवट सोच अड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खड़े।

भरे नैन से केवट बोले, कैसे लूं प्रभु उतराई।
चरण-कमल की धूल मिली है, यही प्रभु मेरी कमाई।
भवसागर से पार लगाना, कह केवट के अश्रु पड़े।
सबको पार लगाने वाले, गंगा तट पर स्वयं खडे़
डॉ ललिता यादव बिलासपुर छत्तीसगढ़