राम राज्य फिर आयेगा

१—
*राम राज्य फिर आयेगा*
सूर्यवंश का सूर्य चमक कर उजियारा फैलायेगा,
मुझको है विश्वास धरा पर रामराज्य फिर आयेगा।

महकेंगीं गलियां चौबारे दीप आरती चन्दन से।
पावन होगा हर घर प्रतिदिन रघुराई के वंदन से।
राम तुम्हारे आ जाने से घर मन्दिर हो जायेगा I
मुझको है विश्वास धरा पर रामराज्य अब आयेगा I

परिवार में प्रीत बढ़ेगी नाते रिश्ते बदलेंगे,
सबके मन में प्रेम बसेगा
बैर भाव सब निकलेंगे।
भारतवर्ष जगेगा फिर से संस्कृति को दोहरायेगा।
मुझको है विश्वास धरा पर रामराज्य अब आयेगा I

खर दूषण कुविचार मिटेंगे ,
सूर्पनखा घायल होगी,
पापों की सोने की लंका फिर इस बार दहन होगी I
सत्य के आगे झूठे मन का, रावण मारा जायेगा।
मुझको है विश्वास धरा पर राम राज्य अब आयेगा I

*डॉ.मंजु गुप्ता ‘लता’*