राम एकल गीत भी हैं

श्री राम गीत

राम एकल गीत भी हैं, राम एकल तान भी,
राम एकल देह भी हैं, राम एकल प्राण भी,

राम केवट को थे तारे, बन तपस्वी वन बुहारे,
मां अहिल्या को उभारा, शबरी का जीवन सँवारे,
राम भवसागर खिवैया, राम एकल दान भी,
राम एकल देह भी हैं, राम एकल प्राण भी,
राम एकल गीत भी हैं…

राम मानुष के विधाता, राम एकल धर्म ज्ञाता,
राम पृथ्वी के जनक भी, राम में संसार जाता,
राम भक्तों के ह्रदय में, राम एकल ध्यान भी,
राम एकल देह भी हैं, राम एकल प्राण भी,
राम एकल गीत भी हैं…

राम जलधि नीर धारा, वायुमंडल राम सारा,
राम रामायण के नायक, राम ने संसार तारा,
राम मानस श्लोक सारे, राम एकल ज्ञान भी,
राम एकल देह भी हैं, राम एकल प्राण भी,
राम एकल गीत भी हैं…

राम वेदों में प्रकाशित, राम कण-कण में समाहित,
राम नभ में चांद तारे, राम मारूत में प्रवाहित,
राम एकल पुष्प भी हैं, राम एकल बाण भी,
राम एकल देह भी हैं, राम एकल प्राण भी,
राम एकल गीत भी हैं राम एकल गीत भी हैं !!

*~ हिमांशु शुक्ल ✍*