राम पधारे

राम पधारे

अवध में राम आए हैं ,अयोध्या जगमगाई है l
पुहुप के साथ वासंती हवा भी मुस्कुराई है ll

प्रफुल्लित है अवध ललना अकुलता क्यों हृदय मन में l
उमड़ती आज ममता फिर समझ अब ये न पाई है ll

महल में थी कभी माता त्रयी जो चाहती सुत को l
अवध की नारियों में भी वही ममता समाई है ll

पताका चूमकर अंबर धरा को ताकती हँस के l
ज़रा तुम गौर से सुन लो पवन कुछ गुनगुनाई है ll

तनिक सुन लो जहां वालों जगे हैं भाग भारत के l
घनेरी रात तारों से अज़ब सी झिलमिलाई है ll

सहा बहु घाम बारिश शीत अरु संताप को जिसने l
पधारे अब भवन में राम ने झाँकी दिखाई है ll

सजी साकेत दुल्हन सी सजा दरबार रघुवर का l
लला के आगमन पे मिल रही सबको बधाई है ll

डॉ वीना सोनी
अजमेर राजस्थान