लक्ष्मण के मूर्च्छित होने पर राम की प्रतिक्रिया

“लक्ष्मण के मूर्च्छित होने पर राम की प्रतिक्रिया”

निस्तब्ध रजनी की नीरवता में,
दशरथ नन्दन मौन पड़े थे।
व्यग्र चित्त नयनों से अपने,
रघु नन्दन महा मौन खड़े थे।

काली अंधियारी रात स्वयं,
आँखों में आँसू भर लाई।
धरणी पर मूर्च्छित अनुज पड़ा,
रघुवर की छाती भर आई।

देख-देख हनुमत की राहें,
मन विह्वल हो जाता था।
बहुत नीर छलकता नयनों से ,
साँसों का ताँता बंध जाता था।

विक्षुब्ध मन ,ले आहत हृदय,
लक्ष्मण को गले लगाते थे।
करुण विलाप नीरमय क्रंदन,
राम जी आहे ! भरते जाते थे।

ज्यों – ज्यों रजनी ढलती थी,
त्यों – त्यों वे धीर गँवाते थे।
जामवंत जी चुपके – चुपके।
रघुवर को समझाते थे।

धीरज रखो हे रघुनन्दन !
जरूर पवन- सुत आते होंगे।
प्राण बचाने लखन लाल के,
दिव्य – औषधि लाते होंगे।

पूर्ण भरोसा था हनुमत पर,
किन्तु क्रूर काल से डरते थे।
दया -सिंधु करुणा के सागर,
रो – रो कर आहे ! भरते थे।

शोक विकल थी वानर सेना,
रामा दल सुनसान पड़ा था।
चिंतातुर था ह्रदय राम का,
भ्रातशीश पे काल खड़ा था।

असमंजस में थे रघु नंदन,
जाने क्या- क्या सोच रहे थे?
अपने तन के पौरुष बल को,
भाँति – भाँति वे कोस रहे थे।

सौ -सौ प्रश्न उठेंगे मुझ पर,
उनका उत्तर मैं क्या दूँगा ?
बिन भाई के महा -समर में,
रावण से कैसे युद्ध लड़ूँगा ?

धिक्कारेगा इतिहास मुझे,
यह लगा दाग क्या छूटेगा?
विश्वास टूटेगा पत्नी का,
क्या भाई का रिश्ता टूटेगा?

चाहे लड़ना पड़े सूर्य से,
अनहोनी होनें नहीं दूँगा।
जब तक हैं बाण तरकस में,
दिनकर को उगने नहीं दूँगा

अनुनय का उत्तर मौन रहा,
कल सिंधु का मान हरूँगा।
या तो पथ को खाली करदे,
नहीं तो शर संधान करूँगा।

अब तक देखी है मर्यादा,
कल से चढ़ी प्रत्यंचा देखेंगे।
जो भी शूल बनेंगे पथ में,
शर का अग्नि तांडव देखेंगे।

दशकंधर से मेघनाद तक,
असुर सभी सपरिवार मरेंगे।
जन्मों के सारे पाप कर्म,
प्रत्यक्ष होकर स्वयं फलेंगे।

रण – मुंडो का क्रंदन होगा,
फव्वारे रक्त- कणों के फूटेंगे।
रणचण्डी की खड़ग चलेगी,
जयकारे बम- बम के गूँजेंगे।

मैं स्वयं कल रण में जाकर,
लंका का विध्वंस करूँगा।
संहार करूँगा दानव दल का,
इस धरती का भार हरूँगा।

क्रोध के मारे रघुनन्दन का,
तन थर- थर काँप रहा था।
उर में भरे प्रबल ओज को,
विष बाणों से नाप रहा था।

अब सारा प्रतिशोध चुकूँगा,
अपने भ्राता के प्राणों का।
चुन – चुन कर बदला लूँगा,
मैं नारी के अपमानों का।

सौगन्ध मुझे शिवशंकर की,
स्त्री, धर्म बचाना प्रण होगा।
युगों -युगों तक याद रहे जो,
अब ऐसा अद्भुत रण होगा।

भले मानवता की रक्षा हेतु,
सौ बार जन्म भी ले लूँगा।
संहार करूँगा रिपुदल का,
मैं खेल समर का खेलूँगा।

इतने में ही वहाँ पवन सुत,
बूटी संजीवन ले आए।
सुमनों की वर्षा हुई गगन से,
सब देव देखने को आए।

उपचार किया सुषेन वैध ने,
उठ बैठे लक्ष्मण हरषाई।
सब तन की तन्द्रा दूर हुई,
बूटी संजीवनी घोट पिलाई।

उत्साह छाया रामादल में,
मन रघुवर का मुदित हुआ।
पुनः जगत का तम हरने को ,
मानों दिनकर उदित हुआ।

रामकुँवर ने लिखी कविताई,
करके श्री रघुवर का ध्यान।
मोहे चरण शरण में लीजिए,
ओ ! अंजनी सुत हुनमान।

राम कुमार प्रजापति
अलवर, राजस्थान