चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं,
जो सबका दुःख हैं हरते हम उन्हें श्री राम कहते हैं…
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
वो माता की हैं ममता में, पिता के प्यार में भी हैं,
जो मिलते हैं हमें दोनों से उस संस्कार में भी हैं,
हमेशा मान दो उनको उन्हें भगवान कहते हैं,
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
वो हैं हर काल रात्रि में वो ही तो भोर में भी हैं,
वो त्रेता में भी थे और कलयुगी इस दौर में भी हैं,
समय के श्लोक उनके ही इशारों पर तो बहते हैं ,
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
वो हैं आकाश गंगा में, वो ही तो इस धरा पर हैं,
वो हैं सूरज की किरणों में, वो चंदा की कला में हैं,
वो सारी सृष्टि में कण कण में चहुंओर रहते हैं,
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
वो हैं जीवन के आरंभ में वो ही तो अंत में भी हैं,
वो ही सदियों से आदि और वो ही अनंत में भी हैं,
वो तीनों लोक के स्वामी हैं उनको पालनहार कहते हैं,
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
प्रभु मेरे भी मन में हैं, प्रभु तेरे भी मन में हैं,
जो उनको अपना कहता हो वो उन सबके भी मन में है,
जो उनकी है शरण में, वो हैं उनके साथ कहते हैं,
चलो तुमको बताएं हम कहां प्रभु राम रहते हैं।
जो सबका दुःख हैं हरते हम उन्हें श्री राम कहते हैं ।।
सचिन परवाना 🙏
